ओवैसी ने पीएम मोदी को दी चुनौती: मादुरो की तरह मसूद अजहर को पकड़कर लाएं
मुंबई।
तहलका 24×7
वेनेजुएला पर अमेरिका के हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद, एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीमा पार पाकिस्तान में भी ऐसा ही ऑपरेशन करने की चुनौती दी है। मुंबई में एक इवेंट में बोलते हुए ओवैसी ने पीएम मोदी से कहा कि 26/11 मुंबई हमलों के गुनहगारों और खासकर लश्कर-ए-तैयबा और उसके कमांडर मसूद अजहर को सजा दिलाने के लिए सीमा पार सैन्य टुकड़ी भेजें।

ओवैसी ने कहा आज हमने सुना कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेना ने वेनेजुएला के प्रेसिडेंट निकोलस मादुरो को पकड़ लिया और उन्हें उनके देश से अमेरिका ले गई। अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला के प्रेसिडेंट निकोलस मादुरो को उनके देश से किडनैप कर सकते हैं, तो आप (प्रधानमंत्री मोदी) भी पाकिस्तान जाकर 26/11 के आतंकवादी हमलों के मास्टरमाइंड को भारत वापस ला सकते हैं। 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में एक रैली के दौरान पीएम मोदी द्वारा ट्रंप को समर्थन देने की जिक्र करते हुए एआईएमआईएम अध्यक्ष ओवैसी ने कहा आप 56 इंच की छाती के बारे में शेखी बघारते रहते हैं और मोदी ने कहा था अबकी बार ट्रंप सरकार।

AIMIM अध्यक्ष ओवैसी ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर करने के विवाद पर भी भाजपा और पीएम मोदी पर निशाना साधा। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के बाद भारत में गुस्से के बीच बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर की तरफ से मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया गया है।शाहरुख खान की टीम केकेआर ने आईपीएल नीलामी के दौरान मुस्तफिजुर को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का नाम लिए बिना ओवैसी ने केंद्र सरकार से उन्हें भी वापस भेजने को कहा। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 से भारत में शरण ली हुई हैं, जब छात्रों के विद्रोह के बाद उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा था। ओवैसी ने भीड़ के नारे और तालियों के बीच कहा, वे कहते हैं कि उन्होंने एक बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल से बाहर कर दिया है। इसलिए, उस महिला को बाहर निकालो जो यहां मोदी की बहन के तौर पर बैठी है।
















