दिनदहाड़े किसान की गोली मारकर हत्या, दो दिन बाद होने वाली थी सगाई
बिजनौर।
तहलका 24×7
जिले में किसान की गोली मारकर सरेराह हत्या कर दी गई। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना सेंटर पर डालने गया और वहां से लौट रहा था। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। स्योहारा थाना क्षेत्र के हल्दुआ माफी गांव में आम के बाग के पास युवक का शव मिला।

मृतक की पहचान राहुल (26) के रुप में हुई। उसके सीने और पीठ में दो गोलियां लगी हैं।राहुल के पिता सतपाल सिंह ने बताया कि राहुल की शादी तय हो चुकी थी। 2 दिन बाद सगाई होने वाली थी। बेटे की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी पर एसपी अभिषेक झा और सीओ धामपुर अभय कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, फोरेंसिक टीम के साथ नूरपुर और धामपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और एविडेंस जुटाए।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

















