कल्कि की लघुकथाएँ पुस्तक का राज्यपाल ने किया लोकार्पण
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोज मिश्र द्वारा संपादित पुस्तक कल्कि की लघुकथाएँ का लोकार्पण शुक्रवार को राजभवन के प्रज्ञा कक्ष में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया।उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विश्वविद्यालय को प्रदत्त सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अनुवाद के अंतर्गत दक्षिण भारत के प्रख्यात साहित्यकार रामास्वामी कृष्ण मूर्ति कल्कि की मूल तमिल भाषा में लिखे साहित्य का हिंदी अनुवाद कराया गया है।

इसे कल्कि की लघु कथाएं पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया गया जिसका अनुवाद चेन्नई की डॉ. ए. जी. मातंगी ने किया है। डॉ. मनोज मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भारतीय भाषाओं के उन्नयन को दृष्टिगत रखते हुए कल्कि की कथाएँ पुस्तक में तमिल के साथ-साथ उसका हिंदी अनुवाद भी प्रकाशित है। तमिलनाडु के पुथमंगलम में पैदा हुए महान साहित्यकार, साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित रामस्वामी कृष्णमूर्ति (कल्कि) की रचनाओं में तत्कालीन समाज एवं लोक परम्परा का सुंदर चित्रण है। उन्हें तमिल उपन्यासों को एक नए दौर में ले जाने वाला साहित्यिक योद्धा माना गया है।

















