काली मंदिर में चोरी का प्रयास विफल,पुजारी ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को दबोचा
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
मुंगराबादशाहपुर के सिपाह मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध काली माई शक्ति पीठ मंदिर में चोरी का प्रयास पुजारी की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गया।मां काली के श्रृंगार में चढ़े जेवरात चुराने की कोशिश कर रहे युवक को पुजारी ने मौके पर ही दबोच लिया।पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।जानकारी के अनुसार,एक युवक मंदिर परिसर में पहुंचा और गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की प्रतिमा पर चढ़े जेवरात उतारने लगा।

इसी दौरान मंदिर के पुजारी बाबा केवल दास की नजर उस पर पड़ गई।उन्होंने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की और खुद को छुड़ाने के लिए पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया,जिससे वे घायल हो गए।बावजूद इसके पुजारी ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को नहीं छोड़ा।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी किए गए जेवरात के साथ हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई।थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी की पहचान पवन कुमार, निवासी लाल का पूरा,नीभापुर के रुप में हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरी कर दी है।साथ ही मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रुप में सुरक्षित किया।

















