रिटायर्ड नायब तहसीलदार के घर लाखों की चोरी,नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर
गाजीपुर।
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के ददरीघाट मोहल्ले में रिटायर्ड नायब तहसीलदार के बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और भारी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था,जिसका फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजा और अलमारी का लॉकर तोड़कर माल पार करके फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार,नोनहरा थाना क्षेत्र के आरीपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार भैरवनाथ तिवारी का ददरीघाट में मकान है।उनके छोटे बेटे अजीत तिवारी यहां रहते हैं।अजीत की पत्नी वाराणसी में सरकारी शिक्षिका हैं,इसलिए वह प्रत्येक शनिवार-रविवार वाराणसी चले जाते हैं।शनिवार को घर में ताला लगाकर जाने के बाद सोमवार को लौटे तो मुख्य दरवाजा और कमरे की अलमारी का लॉकर टूटा मिला।

पीड़ित के अनुसार,चोर अलमारी में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 5 से 6 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।पीड़ित ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद पहुंची पुलिस ने प्रारंभ में केवल औपचारिक कार्रवाई की और तहरीर तक नहीं ली।

बाद में उच्च अधिकारियों से शिकायत किए जाने पर पुलिस ने तहरीर लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की।पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अज्ञात चोरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया।


















