खड़ी ट्रेलर से टकराकर बाइक सवार दो युवक घायल, हालत गंभीर
# अस्पताल में घंटों तड़पते रहे दोनों घायल, नहीं मिली एंबुलेंस
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
दौलतपुर गांव स्थित प्रयागराज-शाहगंज मार्ग पर रविवार की रात सड़क पर खड़ी ट्रेलर से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएससी भेजा। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक दोनों घायल अस्पताल में तड़पते रहे।

लेकिन उन्हें सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। बाद में निजी वाहन से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।डिहियां गांव निवासी शिव कुमार बिंद (24) पुत्र अच्छेलाल अपने रिस्तेदार रावतपुर गांव निवासी कमलेश बिंद (24) पुत्र मुन्नालाल को शाहगंज से बाइक से लेकर घर आ रहे थे।

उक्त गांव में सड़क पर खड़ी ट्रेलर में पीछे से बाइक टकरा गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आने से वे बेहोश हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। अस्पताल पहुंचे कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने मरीजों को सरकारी एंबुलेंस न उपलब्ध होने को शासन और प्रशासन की घोर नाकामी बताते हुए घटना का वीडियो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित कर दिया। फिलहाल दोनों की हालत गम्भीर बनी हुई है।

















