एयरपोर्ट पर अपहरण का आरोप लगाकर हंगामा करने वाली दुल्हन समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर पुलिस ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर अपहरण का आरोप लगाकर हंगामा करने वाली नकली दुल्हन समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित दुल्हन को छोड़ दिया।बताते चलें कि पेमा राम निवासी राणावत श्रीयारी जिला पाली राजस्थान अपने अविवाहित भाई रामलाल की शादी के लिए दुल्हन देखने महेंद्र के बुलावे पर सोनभद्र आया था।

तय राशि के अनुसार दुल्हन अनिता के खाते में 90 हजार ऑनलाइन और एक लाख 30 हजार नगद दिया। उसके बाद उसके साथी योगेंद्र व महेंद्र ने यह कहकर उसके साथ दुल्हन को भेजा कि वही राजस्थान में अपने भाई के साथ शादी रीति रिवाज से कर देना। युवक उन लोगों के साथ बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा। टर्मिनल के अंदर प्रवेश किया तभी अनीता पेट दर्द का बहाना कर सीआईएसएफ के जवान के पास पहुंची और अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी।

सीआईएसएफ ने फूलपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को थाने लाई और पूछताछ की तो मामला सब फर्जी निकला।नकली दुल्हन अनिता पत्नी सरजू निवासी रैया थाना रायपुर सोनभद्र और महेंद्र व योगेंद्र निवासी जयसोलिया थाना रायपुर सोनभद्र के खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस बाबत इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सात साल से कम सजा की धारा होने के कारण हिरासत में ली गई अनिता को छोड़ दिया गया। बताते हैं कि अनिता के दो बेटी और बेटे हैं, वह इस तरह लोगों को शादी झांसा कर मोटी रकम ऐंठने का काम करती है।

















