गांधी ने नैतिकता का जो बीज बोया शास्त्री उसके वृक्ष थे- ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि
# राणा प्रताप कालेज में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती
सुल्तानपुर। मुन्नू बरनवाल तहलका 24×7 ‘महात्मा गांधी प्रखर राष्ट्रवादी व हिंदुत्व के पोषक थे। उनके बारे में कई गलत बातें व अफवाहें फैलाई गई हैं। भारतीय राजनीति में महात्मा गांधी ने नैतिकता का जो बीज बोया था लाल बहादुर शास्त्री उसके वृक्ष थे’ यह बातें राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने कहीं। वे महाविद्यालय में आयोजित गांधी व शास्त्री जयंती समारोह को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित कर रहे थे।
आईक्यूएसी निदेशक व हिन्दी विभागाध्यक्ष इन्द्रमणि कुमार ने कहा कि ‘गांधी आम आदमी के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्व हैं। वे देशज प्रकृति के नेतृत्वकर्ता हैं। राजनीति और जीवन दोनों को प्रयोग की वस्तु समझने वाले गांधी पहले व्यक्ति हैं।’ मुख्य वक्ता ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने संगोष्ठी में गांधी आरएसएस सम्बन्ध, गांधी भगत सिंह प्रकरण व विभाजन में गांधी की भूमिका से सम्बंधित अनेक भ्रमों का तथ्यात्मक निवारण किया। संगोष्ठी की अध्यक्षता अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ धीरेन्द्र कुमार व संचालन सांस्कृतिक परिषद के संयोजक डॉ. अमित तिवारी ने किया। प्रबंधक सुरेन्द्र नाथ सिंह व प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी ने राष्ट्र ध्वज फहराया।
मंचस्थ अतिथियों ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह की शुरुआत की। श्वेता मिश्र, मारिया अतीफा व मनीष कुमार ने गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ.भारती सिंह, डॉ. महमूद आलम, डॉ.रंजना पटेल, डॉ.विभा सिंह, डॉ.बीना सिंह, डॉ.नीतू सिंह, डॉ.आलोक कुमार, यशवंत सिंह व रवि सिंह समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।