छोटे भाई ने बड़े भाई,भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से की हत्या, क्षेत्र में सनसनी
गोरखपुर।
तहलका 24×7
बांसगांव थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।आरोप है कि 16 वर्षीय किशोर ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार,रात करीब तीन बजे अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयान अपने घर के एक कमरे में सो रहे थे।इसी दौरान आरोपी किशोर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।वारदात इतनी अचानक और भयावह थी कि किसी को बचाव का मौका नहीं मिल सका।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ,पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है।उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह हत्या का कारण लग रहा है।हालांकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं की जांच जारी है।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविरादक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

















