जनगणना2027 की तैयारियां शुरु, आज से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7 जिले में जनगणना-2027 की गतिविधियां 22 मई से शुरु होने जा रही हैं।भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 20 जून 2026 तक चलेगा।जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन.ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व की प्रक्रिया है,जिसके तहत नागरिकों की सामाजिक, आर्थिक और आवासीय स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाते हैं।

इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने में किया जाता है।उन्होंने लोगों से गणनाकर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।जनगणना कार्य को सुचारु रुप से सम्पन्न कराने के लिए जनपद में 18 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि 10,116 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

ये कर्मी अपने गणना ब्लॉकों में जाकर घर-घर सर्वे का कार्य करेंगे।प्रशासन की ओर से जनजागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना अभियान संचालित किया गया,जिसमें मास्टर ट्रेनरों और फील्ड ट्रेनरों ने विभिन्न विभागों में जाकर लोगों को जागरुक किया।इस दौरान 82 हजार से अधिक लोगों ने स्व-गणना पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया।जिन लोगों ने पहले ही स्व-गणना कर ली है,उन्हें अब केवल अपना सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्रगणक को देना होगा।

वहीं जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उनकी गणना प्रगणक द्वारा की जाएगी।जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।प्रशासन ने जनभागीदारी को सफल जनगणना की कुंजी बताते हुए नारा दिया,“सही जानकारी,बेहतर योजना-जन भागीदारी से सफल जनगणना।”
















