सड़क हादसे में लखनऊ के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
# 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,रेस्क्यू में जुटी रही टीम
नैनीताल/लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली कस्बे में दर्दनाक सड़क हादसे में लखनऊ में रह रहे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।तेज रफ्तार महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार खाई में गिरते समय एक पेड़ से टकराकर अटक गई,जिससे रेस्क्यू टीम को राहत कार्य में कुछ सहूलियत मिली।

हालांकि खाई अधिक गहरी होने के कारण बचाव दल को रस्सियों के सहारे नीचे उतरना पड़ा।काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया।हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48),उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45),बेटे वासु चुफाल (19) और बेटी रवी चुफाल (12) के रुप में हुई है।

परिवार मूल रुप से ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा का निवासी था और लंबे समय से लखनऊ में रह रहा था। हादसे में कार चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) की भी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरु कर दी है।
















