जनसेवा केंद्र संचालक से लूट का आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार
वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक से एक माह पूर्व तमंचे के बल पर हुए डेढ़ लाख रुपये लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को नगदी के साथ धर दबोचा। अन्य दो अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि ठठरा निवासी व नयेपुर में जनसेवा केंद्र संचालक अवधेश कुमार से 2 मई की रात बाइक से घर जाते समय प्राथमिक विद्यालय बचौरा के पास से ओवर टेक कर बैग में रखे डेढ़ लाख रुपये तमंचे के बल पर लूटने वाले बदमाशों की तलाश में टीम जुटी थी।

मुखबिर की सूचना पर वांछित करन सोनकर निवासी ग्राम गांगकला थाना बड़ागाव को कुआर स्थित काली माता मंदिर के पास से गिरफ्तार कर कब्जे से लूट के 21 हजार 500 रुपये बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त करन ने बताया कि 2 मई को उसने अपने साथी अजीत सिंह पुत्र सुभाष सिंह निवासी बचौरा एवं देवा उर्फ पंकज पटेल पुत्र राजेश पटेल निवासी बरजी के साथ मिलकर नयेपुर चौराहा स्थित ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की रेकी की थी।

उनके द्वारा पूर्व नियोजित योजना के तहत ग्राहक सेवा केंद्र के मालिक का पीछा करते हुए बचौरा प्राइमरी स्कूल के पास तमंचा दिखाकर पैसों से भरा बैग लूट लिया गया। जिसमें डेढ़ लाख रुपये नकदी थे।लूट के उपरांत तीनों आरोपियों ने लूटे गए रुपये आपस में बराबर-बराबर बांट लिए थे। गिरफ्तार करन सोनकर के खिलाफ फूलपुर व बड़ागांव में लूट, चोरी व मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य दोनों आरोपियों के तलाश में पुलिस टीम गठित है।


















