जन्मदिन पर युवक की हत्या, केक काटने से ठीक पहले गोली मारी
# पूर्व में आरोपी ने पिता से कहा था, बेटे का कफन तैयार रखना
मेरठ।
तहलका 24×7
बर्थडे मनाने से ठीक पहले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।घर में केक काटने की तैयारी चल रही थी। तभी बदमाशों ने विवाद सुलझाने के लिए उसे घर के नीचे बुलाया, पहले बातचीत की फिर गर्दन पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगते ही मनीष प्रजापति जमीन पर गिर गया।

जब तक परिजन घर से बाहर आए उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा और सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। घटना भावनपुर थाना क्षेत्र के गोकलपुर गांव की है। पिता ने कहा- हमलावरों से बेटे का पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पहले जान से मारने की धमकी दी थी, कहा था बेटे का कफन तैयार रखना। अब फैसला नहीं होगा।

















