जिलाधिकारी ने परखी जिला कारागार निर्माण की गुणवत्ता
# हाई सिक्योरिटी बैरक और मल्टीपरपज हॉल शीघ्र पूरा करने के निर्देश
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन.ने मंगलवार देर सायं निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य में पर्याप्त संख्या में श्रमिक लगाए जाएं तथा आवश्यक मशीनरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए,ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल और हाई सिक्योरिटी बैरक के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।साथ ही परिसर में मिट्टी का समतलीकरण कर हरित क्षेत्र और उद्यान विकसित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य परिधि दीवार,सर्किल वॉल,पार्टीशन वॉल तथा कैंपस वॉल के निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

साइट प्रयोगशाला में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए किए गए ब्रेक टेस्ट और क्यूब टेस्ट निर्धारित मानकों के अनुरुप पाए गए,जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।बाउंड्री वॉल के शेष कार्य एक माह के भीतर पूरा करने,ओवरहेड टैंक का निर्माण समयबद्ध ढंग से कराने तथा मल्टीपरपज हॉल के ग्राउंड फ्लोर स्लैब की कास्टिंग और फायर फाइटिंग सिस्टम के कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरुप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निकट लाइटनिंग अरेस्टर लगाने तथा निर्माण स्थल पर श्रमिकों के लिए हेलमेट,सुरक्षा बेल्ट और सेफ्टी जैकेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुष्पराज सिंह,जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी,जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ.अरुण यादव,सहायक अभियंता करुणेश अरोड़ा,देशदीपक, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि,ठेकेदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















