जौनपुर : आखिर पुलिस थाने के अंदर तक कैसे मजबूत हो रही चोरों की जड़ें

जौनपुर : आखिर पुलिस थाने के अंदर तक कैसे मजबूत हो रही चोरों की जड़ें

जौनपुर। 
आनंद देव 
तहलका 24×7
                  आमतौर पर तो यही कहा जाता है कि पुलिस जागती है तभी तो हम आप घरों के अंदर चैन की नींद सो पाते हैं। लेकिन जिसके भरोसे जनता अपने घरों में चैन की नींद सोती है उन्हीं पुलिस वालों का घर और थाना ही असुरक्षित हो जाए तो क्या कहेंगे?
कुछ घटनाओं पर अगर गौर करें तो पता चलता है कि चोरों की जड़ें थाने के अंदर तक मजबूत हो चुकी हैं। अब पुलिस की गाड़ी, पुलिस की रिवाल्वर, कारतूस, मोबाइल फोन कुछ भी सुरक्षित नहीं है। अभी हाल ही में जौनपुर शहर के लाइन बाजार थाने की सरकारी टाटा सुमो की चोरी होने की खबर आई तो सनसनी फैल गई। हालांकि दिन भर हलकान होने के बाद पुलिस की तरफ से यह सफाई दी गई कि वह तो थाने का ड्राइवर ही गाड़ी लेकर चला गया था। जो बाद में वापस आ गया। बहरहाल पुलिस का यह दावा लोगों के गले इसलिए नहीं उतर रहा है कि आखिर जब ड्राइवर गाड़ी लेकर गया तो पुलिस वाले थाने से लेकर वाराणसी हाईवे तक के दर्जनों सीसी टीवी फुटेज क्यों खंगाल डाले। मामला जो भी हो लेकिन उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चोरी के कुछ ऐसे मामलों की पड़ताल से पता चलता है कि या तो चोरी में पुलिस खुद शामिल होती है या पुलिस खुद चोरों का शिकार हो रही है। आखिर चोरों के अंदर पुलिस का खौफ क्यों इतना कम होता जा रहा है? यह भी एक गंभीर सवाल है जिसका जवाब पुलिस ही दे सकती है।

# केस नम्बर 1 

अक्टूबर 2022 की यह घटना कानपुर जिले की है। कानपुर के महाराजपुर इलाके में रात में गश्त कर रहा सिपाही जब सड़क के किनारे से गुजर रहा था तभी छज्जे के नीचे सो रहे युवक को देखा सिपाही उसके पास गया और बिस्तर से उसकी मोबाइल लेकर चलता बना। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई फुटेज के साथ पीड़ित नितिन सिंह ने शिकायत की तो सिपाही को निलंबित कर दिया गया।

# केस नम्बर 2

कानपुर जिले के ही बिधनू थाना क्षेत्र के न्यू आजाद नगर चौकी इंचार्ज सुधाकर पांडे 10 नवंबर 2022 की रात में चौकी पर बने अपने आवास में सो रहे थे। सरकारी पिस्टल और 10 कारतूस को एक बॉक्स में रखा था। रात में वह बाक्स ही चोर उठा ले गए। मामले में दरोगा जी को निलंबित कर दिया गया।

# केस नम्बर 3

12 अक्तूबर 2022 को गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाने में तैनात दीवान ने ही थाने के अंदर से 17 बाइक चोरी करवा दी। दरोगा फहीम वारसी की जांच में इस बात का खुलासा हुआ तो दीवान जितेंद्र गौड़ को निलंबित कर दिया गया। थाने में बरामद लावारिस गाड़ियों को नीलाम किया गया था। कारोबारी विवेक निगम ने इसकी खरीदारी की। जांच में पता चला कि उसने जितनी गाड़ियां खरीदी थी दीवान ने उससे मिलकर 17 अधिक गाड़ियों को उसे बेच दिया था।

# केस नम्बर 4

बाराबंकी जिले की पुलिस चोरों के साथ मिलकर चोरी का सामान बिकवा रही थी। 8 नवंबर 2022 को इसका खुलासा होने पर दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। यह सभी मिलकर चोरी का सामान और शराब बिकवा रहे थे।

# केस नम्बर 5

जुलाई 2022 में गाजियाबाद के थाना लिंक रोड की महाराजपुर पुलिस चौकी से पुलिस की चीता बाइक चोरी हो गई। एफआईआर दर्ज हुई तो अगले दिन ही बाइक बरामद भी हो गई। सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर जब पुलिस की बाइक चोरी हुई तो दूसरे दिन ही कैसे बरामद हो गई। जबकि इसी थाने में दर्जनों वाहन चोरी के केस दर्ज हैं लेकिन वाहन बरामद क्यों नहीं हो पा रहे हैं?

# केस नम्बर 6

6 जून 2022 को मैनपुरी जिले के करहल थाने के कस्बा चौकी इंचार्ज अनिल कुमार चौकी पर सोए हुए थे। उसी दौरान उनकी सरकारी रिवाल्वर, मोबाइल और घड़ी चोरी हो गई।

# केस नम्बर 7

एसपी की टाटा सुमो चोरी होने का यह वाकया 4 नवंबर 2016 का है। हरदोई के एसपी नीली बत्ती लगी सरकारी टाटा सुमो से लखनऊ पहुंचे थे। गाड़ी गोखले मार्ग स्थित शालीमार इंपीरियल अपार्टमेंट के पार्किंग में खड़ी थी। जहां से चोरों ने एसपी की गाड़ी को ही उड़ा दिया। तकरीबन एक माह बाद पुलिस एसपी की गाड़ी का पता लगाने में कामयाब हुई। पता चला कि लखनऊ से 6 घंटे में ही वह गाड़ी नेपाल की सीमा पर स्थित रक्सौल बिहार पहुंच गई थी। जहां गाड़ी के पुर्जे पुर्जे अलग कर दिए गए। वह गाड़ी पुलिस को 100 अलग-अलग पुर्जो में बरामद हुई। उसके पुर्जों का इस्तेमाल नेपाल में एक एंबुलेंस में किया जा रहा था। और यह गाड़ी एक सिपाही की मिलीभगत से चोरी की गई थी। उस सिपाही को भी निलंबित कर दिया गया।
Previous articleजौनपुर : देश को तोड़ने का काम कर रही है भाजपा- सिराज मेंहदी 
Next articleजौनपुर : शाहगंज सीट अनारक्षित होते ही बदली चुनाव की फिजा
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?