जौनपुर : आठ महाविद्यालयों की परीक्षा में अचानक पहुंचीं कुलपति
# पीयू से संबद्ध जिले में चल रही परीक्षाओं का किया निरीक्षण
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से संबद्ध महाविद्यालयों की स्नातक प्रथम सेमेस्टर के समाजशास्त्र की परीक्षाओं का शनिवार को कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस. मौर्य ने औचक निरीक्षण किया। जौनपुर जिले के आठ महाविद्यालयों में सुबह की पाली में वह अचानक पहुंचीं। उनके साथ विश्वविद्यालय की सहायक कुलसचिव बबीता सिंह भी थीं।

शनिवार की सुबह की प्रथम पाली में स्नातक समाजशास्त्र की परीक्षा थी। सबसे पहले जौनपुर के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर डिग्री कॉलेज सिद्दीकपुर, सूर्यबली यादव महाविद्यालय, राम किशुन महाविद्यालय सिद्दीकपुर पहुंचीं। इन केंद्रों पर परीक्षा के दौरान प्राचार्य अनुपस्थित मिले। इस पर कुलपति ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान कोई भी प्राचार्य अनुपस्थित नहीं रहेगा। गुलाबी देवी डिग्री कॉलेज में परीक्षा के दौरान डीएम द्वारा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती थी। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में 282 विद्यार्थियों के सापेक्ष 277 विद्यार्थी परीक्षा देते पाए गए। इस दौरान कुलपति ने स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग को भी देखा। कोविड-19 के नियमों के अनुपालन के संबंध में भी प्राचार्य और केंद्र व्यवस्थापक से पूछताछ की।



















