जौनपुर : गांधी जयंती के अवसर पर दिलाई गई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
# सेंट थॉमस इंटर कॉलेज में भव्य तरीके से हुआ आयोजन
शाहगंज। रवि शंकर वर्मा तहलका 24×7 नगर के सेंट थॉमस इंटर कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधीएवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जंयती बहुत धूमधाम से मनाई गई। सर्वप्रथम सेंट थॉमस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर ए0 एंटनी सामी ने द्वय विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
तत्पश्चात् कालेज में गठित की गयी पर्यावरण संरक्षण के लिए ईको क्लब के सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाया गया, शपथ ग्रहण करने के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए फादर सामी ने नीम का एक वृक्ष लगाने के बाद ईको क्लब के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे महापुरुषों ने अपने जीवन का सबकुछ अपने देश के लिए समर्पित कर दिया था, हम सब का यह दायित्व बनता है कि हम उनके बताए हुए रास्ते पर चलते हुए अपने देश को, अपने पर्यावरण को भी संरक्षित करें।
इसके लिए सबसे जरूरी है कि हम सब अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं तथा उनकी देखभाल करें।फादर सामी ने लालबहादुर शास्त्री जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लालबहादुर शास्त्री जी का पूरा जीवन ही सादगीपूर्ण रहा। इको क्लब के प्रभारी पवन कुमार अग्रहरि ने सदस्यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन ही एक पुस्तक है जिसके हर पन्ने पर जीवन को प्रेरित करने वाले शब्द लिखें हैं, उन्होंने आगे बताया कि गाॅधी जयंती को नशामुक्ति दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
आज उनके जन्म दिवस के अवसर पर हम सब लोग यह शपथ लें कि अपने पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ हम अपने समाज से नशा को बिल्कुल खत्म करेगें, यही हमारे महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इको क्लब के लड़कों के ग्रुप का नेतृत्व अस्मित सेठ तथा लड़कियों के ग्रुप का अंजलि विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।