जौनपुर : घटिया निर्माण के चलते एक महीने में ही ध्वस्त हुई नवनिर्मित नाली
खेतासराय। अज़ीम सिद्दीकी तहलका 24×7 भारती विद्यापीठ के पास मेन रोड किनारे बनी नाली पानी का बहाव एक महीना भी नहीं झेल पाई। घटिया निर्माण के चलते बारिश के दौरान नाली ध्वस्त हो गई। अमूमन नगर की अधिकांश नालियां बेरोकटोक के ऐसे ही निर्मित की गई हैं। जल निकासी के लिए नगर पंचायत मेन रोड के पश्चिमी छोर पर मई-जून महीने में लाखों की लागत से नाली निर्माण कराया था।
नाली निर्माण के बाद इंटरलॉकिंग का काम चल रहा था। पैसा बचाने के चक्कर में ठेकेदार ने टूट चुकी पुरानी नाली पर ही घटिया निर्माण करा दिया। दो सप्ताह पहले तेज बारिश होने पर नाली पानी का बहाव नहीं झेल पाई। जिससे नाली का एक किनारा ढह गया। नाली ढहते ही विभाग में हड़कंप मच गया। नाली ढहते ही ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया।
इस बारे में जेई सुरेन्द्र यादव का कहना है कि पुरानी नाली पर निर्माण करने से बारिश के दौरान नाली टूटकर पानी में गिर गई। अभी ठेकेदार का भुगतान नहीं हुआ है। दोबारा निर्माण कराए जाने के बाद भुगतान होगा।