जौनपुर : तिरंगा यात्रा बना सियासी टूल, भावी चेयरमैनों ने किया शक्ति प्रदर्शन
# चेयरमैन पद के दावेदारों ने निकाली अपनी-अपनी तिरंगा यात्रा
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मनाया जा रहा “हर घर तिरंगा अभियान” शाहगंज में सियासी ताकत के प्रदर्शन का जरिया बन गया है। आलम ये है कि अकेले शनिवार को कस्बे में तीन भाजपा नेताओं ने अलग-अलग अलग तिरंगा यात्रा निकाल कर अपना शक्ति प्रदर्शन किया। ये नेता आगामी निकाय चुनाव के लिए बतौर दावेदार जोर आजमाइश कर रहे हैं। हालांकि इसका नतीजा यह हुआ कि पूरे कस्बे में जिधर भी देखो उधर तिरंगा ही दिख रहा है जो अच्छी बात है।

शनिवार को नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल ने दल बल के साथ कस्बे के मुख्य मार्ग पर दुकानदारों को तिरंगा बांटा। इसके बाद दोपहर 3 बजे योगीनाथ तिराहे से बाइक जुलूस निकाला गया, जो कि आजमगढ़ रोड स्थित होटल शाहगंज पैलेस पर समाप्त हुआ। जुलूस का आयोजन भाजपा नगर मंडल के बैनर तले हुआ, हालांकि नेतृत्व करने वालों में चेयरमैन प्रतिनिधि प्रमुख रहे।

वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष के टिकट की दावेदारी पेश कर रहे भाजपा नेता और सेवा भारती अध्यक्ष रूपेश जायसवाल ने भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा रामलीला भवन चौक से निकलकर जेसीज चौक पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। जुलूस में विक्रम सिंह, डॉ अभिषेक सिंह, मोहम्मद अब्बास, प्रवीण श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।



















