जौनपुर : नोडल टीचर्स का बीआरसी पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
सिकरारा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
बीआरसी पर शनिवार को विकास क्षेत्र में चलाए जा रहे समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा के चयनित नोडल टीचर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हो गया।ब्लाक एआरपी तथा प्रशिक्षक सुशील उपाध्याय ने उक्त सन्दर्भ में बताया कि विकास क्षेत्र के चयनित 61 शिक्षकों को इस प्रशिक्षण के माध्यम से दिव्यांग बच्चो की शिक्षा दीक्षा में आने वाली कठिनाईयों तथा उनके समाधान के बारे में बताया गया।

उन्होंने बताया कि विशिष्ट आवश्यकता वाले इन बच्चों के मन को पढ़ना, उनके अंदर छिपे विशेष कौशल की पहचान करना तथा उसी के अनुरूप उन्हें मुख्य धारा में जोड़ने का गुरुतर भार गुरुजनों पर होता है। सामान्य बच्चो की अपेक्षा इन बच्चों को पढ़ने के लिए बाल मनोविज्ञान का सम्यक ज्ञान अत्यावश्यक होता है।यह बच्चे दया नहीं अपितु स्नेह के पात्र हैं। जिनके साथ केवल ही शिक्षक नहीं बल्कि एक सच्चे साथी की भूमिका में व्यवहार करते हुए इनका समग्र विकास किया जा सकता है।


















