जौनपुर : पालिकाध्यक्ष के पति पर जमीन कब्जा करने का आरोप
# पीड़ित ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लगाई न्याय की गुहार
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
आपसी अथवा न्यायालय द्वारा बिना बंटवारे के सह खातेदार से जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद उस पर जबरदस्ती कब्जा करने और विरोध करने पर धमकी देने का पीड़ित ने आरोप लगाया है। पीड़ित द्वारा मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।पश्चिमी कौड़िया मोहल्ला निवासी अब्दुल मन्नान पुत्र कमरुद्दीन ने मुख्यमंत्री समेत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर बताया कि कौड़िया स्थित जमीन में वह सह खातेदार है।

जिस जमीन का एक हिस्सा पालिकाध्यक्ष के पति प्रदीप जायसवाल ने एक खातेदार से बैनामा करा लिया। मंगलवार को वह अपने समर्थकों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। जिस पर पीड़ित के पुत्र अब्दुल हन्नान ने बंटवारे के लिए न्यायालय में वाद विचाराधीन होने की बात बताते हुए कब्जे का विरोध किया तो समर्थक मारपीट और धमकी देने लगे। पीड़ित ने पत्र में आरोप लगाया कि पूर्व में इसी मामले में नगर पालिका में गलत ढंग से नाम दर्ज किए जाने पर चेयरमैन, उनके पति समेत पालिका कर्मियों पर जालसाजी और साजिश की धाराओं में केस दर्ज कराया गया है। इसी रंजिश के चलते बराबर धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने जिम्मेदारों से न्याय की गुहार लगाई है।

















