जौनपुर : पुरानी रंजिश को लेकर सपा के सेक्टर प्रभारी को पीटा, टूटा हाथ-पैर
मड़ियाहूं।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बकियां गांव निवासी समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारी को पुरानी दुश्मनी को लेकर पट्टीदारों ने अल्लीपुर नहर के समीप लाठी डंडे से मारपीट कर उनका हाथ पैर तोड़ दिया। आरोप है कि जेब मे रखा 9 हजार रुपये और रिवाल्वर भी छीन ले गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मडि़याहूं ले गए। जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल व ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

कोतवाली क्षेत्र के बकिया गांव निवासी समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारी जयराम यादव (48) बुलेट से शनिवार की दोपहर में कठिरांव बाजार से लौट रहे थे। अल्लीपुर नहर पुलिया के पास पहुंचे थे, तभी चार लोगों ने उन्हें रोक लिया, जिन्हें वे पहचान रहे थे। आरोप है चारों लोगों ने राड, पाइप एवं डंडे से पिटाई करना शुरू कर दिया। पिटाई से जयराम यादव बुलेट से सड़क पर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें मारकर उनका दाहिना पैर एवं दोनों हाथ तोड़ दिया। आरोप है कि वह गंभीर रूप से जब लहूलुहान हो गए तो उनके कमर में लगा रिवाल्वर और जेब से 9 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। आस पास के लोगों ने पहुंच कर उनके घर का मोबाइल नंबर लिए, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचना दिया।


















