जौनपुर : पूर्व विधायक ललई के 12 वर्षीय भतीजे की ऊंची उड़ान पर लगा बधाईयाँ का तांता
# अंग्रेजी भाषा में लिखी “द अननोन प्लेस” नामक किताब, एमेजॉन ने किया प्रकाशित
शाहगंज। रवि शंकर वर्मा तहलका 24×7 नगर के 12 साल के बेटे अनीश यादव ने बड़ा कारनामा किया है। खेलने कूदने वाली नादान उम्र में उसने अपनी पहली किताब लिख कर ऊंची उड़ान के संकेत दे दिया है। अनीश की किताब को एमेजॉन ने प्रकाशित भी किया है। पक्खनपुर गांव के रहने वाले कक्षा सातवीं के छात्र अनीश यादव की यह पहली किताब एडवेंचर जॉनर की है और अंग्रेजी भाषा में लिखी गई है। अनीश की इस कामयाबी पर स्वजनों ने हर्ष जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बता दें कि अनीश पूर्व विधायक और राज्यमंत्री शैलेंद्र यादव ललई के भाई इंजीनियर अजय यादव के पुत्र हैं।
सेंट जोजेफ स्कूल, इलाहाबाद के छात्र अनीश बताते हैं कि उन्हें लेखन जैसे रचनात्मक कार्य के लिए बड़ी बहन अनन्या ने प्रेरित किया। अनीश को एडवेंचर्स और उससे जुड़ी कहानियां पसंद हैं, इसलिए उन्होंने अपनी पहली कहानी भी इसी जॉनर के तहत लिखी। अनीश को लिखने के अलावा खाली समय में खाना बनाना, पियानो बजाना, दुनिया भर का साहित्य पढ़ना अच्छा लगता है।
अनीश की किताब “द अननोन प्लेस” में 12 अध्याय है, कहानी का मुख्य पात्र एक बच्चा है, जिसका नाम रॉबर्ट कूपर है। रॉबर्ट अपने परिवार के साथ एक हवाई यात्रा पर जाता है लेकिन रास्ते में ही एक दुर्घटना के दौरान अनजान टापू पर फंस जाते हैं। इस टापू से निकलने की कहानी बेहद रोचक और रोमांचक है, जिसे अनीश ने बड़ी सामान्य भाषा में रचा है।
छोटी सी उम्र में अनीश की इस कामयाबी से उनके माता पिता समेत पूरा परिवार खूब खुश है। अनीश के बड़े पिता पूर्व विधायक ललई यादव कहते हैं कि अनीश ने अपनी कल्पनाओं को कलमबद्ध किया और इतनी छोटी उम्र में ये वाकई प्रशंसनीय काम है। पिता अजय यादव कहते हैं कि बेटा हरफनमौला है, जैक केनी जैसे लेखकों को अच्छी किताबें पढ़ता है, संगीत सुनता है, पियानो बजाता है और पढ़ाई में भी बढ़िया है।