जौनपुर : प्रेमिका के घरवालों ने प्रेमी की पीटकर की हत्या, एक गिरफ्तार

जौनपुर : प्रेमिका के घरवालों ने प्रेमी की पीटकर की हत्या, एक गिरफ्तार

मुंगरा बादशाहपुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
                  थाना क्षेत्र के बिजाधार मऊ गांव में बृहस्पतिवार की रात प्रेमिका से मिलने आए युवक की पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी गई। इससे शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मामले में दो नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया।

थाना क्षेत्र के आशापुर सरायफत्तू गांव निवासी अरविंद पाल (22) का पड़ोस के गांव बिजाधर मऊ में एक युवती से प्रेम संबंध था। बृहस्पतिवार की रात फोन आने पर अरविंद मिलने के लिए प्रेमिका के घर के पास पहुंच गया। रात में प्रेमिका के परिजनों ने अरविंद पाल को घर के बाहर देखा तो गुस्से में आ गए और पेड़ में बांधकर उसकी लाठियों से पिटाई कर दी। अरविंद के परिजनों को किसी ने भोर में करीब चार बजे ही घटना की जानकारी दी, लेकिन वे डर के मारे मौके पर नहीं आए। घर वाले सुबह पहुंचे और अरविंद को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष मुंगरा बादशाहपुर सदानंद राय हमराहियों के साथ पहुंचे और शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रेम प्रपंच में युवक की हत्या की गई है। युवक के पिता राम कृपाल की तहरीर पर युवती के पिता और चाचा के अलावा छह अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर युवक के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार ने बताया कि युवती के परिजनों ने रातभर युवक को पेड़ से बांध रखा था। जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और उसे पेड़ से छुड़वाया। लेकिन, भूख, प्यास और भय से उसकी मौत हो गई। बिजाधार मऊ गांव में अरविंद की पिटाई की खबर परिवार के लोगों को रात में ही मिल गई थी। लेकिन, वे सुबह पहुंचे। उस समय अरविंद प्यास से तड़प रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह पानी मांग रहा था। इस पर परिजनों ने उसे पानी दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।
Previous articleजौनपुर : झूठा आरोप लगाए जाने से पत्रकारों में भारी आक्रोश
Next articleभदोही : पत्रकारों को न्याय दिलाने के लिए पीपीसी ने कप्तान को सौंपा ज्ञापन
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?