जौनपुर : फर्जी राशन कार्ड से राशन लेने के मामले में पांच पर मुकदमा दर्ज
# पूर्व प्रधान व कोटेदार समेत पांच लोगों की थी मिलीभगत, गांव में मचा हड़कंप
केराकत।
विनोद कुमार
तहलका 24×7
जिलाधिकारी के आदेश पर दो साल पहले फर्जी राशन कार्ड बनाकर राशन लेने के मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर शनिवार को पुलिस ने बराई गांव के पूर्व प्रधान व कोटेदार समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत आधा दर्जन से अधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। मुक़दमा लिखे जाने से गांव में खलबली मची है, वहीं सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।

क्षेत्र अंतर्गत बराई गांव के कोटेदार पर आरोप है कि वह दो साल पूर्व कूटरचित ढंग से फर्जी राशन कार्ड बनाकर राशन निकाल लेता था। रजिस्टर पर हेराफेरी कर स्वयं हस्ताक्षर कर लेता था। इस मामले में गांव के लल्लन सिंह, संजीव सिंह, दिवाकर सिंह साजिश कर उसका सहयोग करते रहे। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने टीम बनाकर जांच किया। जिसके बाद दोषी पाए जाने पर पूर्ति निरीक्षक पंकज कुमार यादव ने पांचों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने बराई गांव के पूर्व प्रधान राजेश कुमार, कोटेदार लल्लन राम, संजीव सिंह, लल्लन सिंह व दिवाकर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित आधा दर्जन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव में खलबली मची हुई है। गांव में दो सरकारी कोटे की दुकान है जिसमे दो साल पहले भी एक कोटेदार के खिलाफ इन्ही धाराओं में मुदकमा दर्ज हुआ था अब दूसरे कोटेदार के ऊपर भी मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरे गांव मे हड़कंप मच गया है। इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक केराकत संजय वर्मा ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

















