जौनपुर : बड़े भाई ने साले के साथ मिलकर की थी भाई की हत्या
# हत्यारोपित जीजा-साले को खुटहन पुलिस ने किया गिरफ्तार
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
तहसील क्षेत्र अंतर्गत खुटहन के सधनपुर गांव में युवक की हत्या का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले सगे बड़े भाई और उसके साले को ससुराल से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बताया कि मृतक अपनी भाभी की भतीजी से शादी पर अड़ गया था। ऐसे में सामाजिक लोकलाज से बचने के लिए जीजा साले ने मिलकर घटना को अंजाम दिया।

थानाध्यक्ष राणा प्रताप यादव ने बताया कि घटना में शामिल बड़े भाई सुशील कुमार शर्मा और उसके साले विजय शर्मा को खेतासराय थाना क्षेत्र के नदौली गांव स्थित उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया गया दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया गया है। अभियुक्तों ने पूछताछ में हत्या में शामिल होने की बात कबूल की।बता दें कि बीते 27 जुलाई को सधनपुर गांव के सुशील शर्मा पुत्र स्व राममूरत शर्मा ने खुटहन थाने में छोटे भाई प्रवेश कुमार शर्मा (21) की लाश तरवा प्राथमिक विद्यालय के पोखरे के पास मिलने की लिखित सूचना दी थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्य और जानकारी से घटना में बड़े भाई सुशील कुमार शर्मा और उसके साले विजय शर्मा निवासी नदौली के घटना में शामिल होने की पुष्टि हुई।


















