जौनपुर : महिला को बंधक बनाकर हौसलाबुलंद बदमाशों ने की लूटपाट
# पांच घरों को बनाया निशाना, सवा लाख नकदी समेत दस लाख के आभूषण उठा ले गए बदमाश
केराकत।
विनोद कुमार
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के बीरमपुर गांव में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने असलहे के बल पर पांच घरों में जमकर लूटपाट की। पीड़ितों के मुताबिक बदमाश सवा लाख रुपए नकद सहित क़रीब दस लाख रुपए मूल्य के सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक़ बदमाश सबसे पहले गांव की तारा सिंह के घर में छत के रास्ते आंगन में उतर गए और आंगन के बरामदे में सोई तारा देवी को डरा धमकाकर लूटपाट शुरू कर दी। तारा ने चिल्लाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पिटाई के बाद उनके हाथ बांधकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद तारा सिंह और उनकी तीन देवरानियों के सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए। सबेरे पड़ोसी अरुण सिंह की पत्नी ने तारा को कमरे से बाहर निकाला।

तारा के घर से निकलकर बदमाश गांव के दलित बस्ती में पहुंच गए और शोभनाथ के घर में घुस कर 3 हजार नकद, गणेश के घर से नकदी और 80 हजार रुपए का सामान उठा ले गए। इसी प्रकार विनोद कुमार के घर से 10 हजार रुपए नकद और रामलोचन के घर में घुस कर 25 हजार रुपए नकदी सहित कई लाख के सोने चांदी के आभूषण उठा ले गए।

















