जौनपुर : रक्तदान करके दूसरो को दें जीवनदान- बृजेश सिंह प्रिंशु
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर अमर उजाला, रेड क्रॉस सोसाइटी, लायन्स क्लब मेन, जेसीज क्लब, प्राथमिक शिक्षक संघ, उद्योग व्यापार मण्डल, जेसीआई चेतना, अतुल्य वेलफेयर सोसाइटी, सखी वेलफेयर के संयुक्त तत्वाधान में एंव पुलिस विभाग के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन आईएमए भवन ब्लड बैंक, लाइन बाजार में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सदस्य विधानसभा परिषद बृजेश सिंह प्रिंशु एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के द्वारा फीता काटकर किया गया। सदस्य विधान सभा परिषद ने कहा कि रक्तदान को लेकर आम जनमानस में कई भ्रांतियां हैं, उन्हें भय है कि रक्तदान करने से कोई समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिन्हें बृहद पैमाने पर जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित किया जाए, उन्हें बताया जाए कि रक्तदान करने से कोई नुकसान नहीं होता है बल्कि लाभ ही होता है। उन्होंने कहा कि जनपद जौनपुर बड़ा जिला है फिर भी यहां पर ब्लड यूनिट की कमी रहती है, जिसके लिए उन्होंने जनपद के सभी एनजीओ, शिक्षकों, व्यापारी संगठनों सहित अन्य संगठनों को आगे आने का आह्वान किया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रक्तदान के फायदे बताते हुए सभी को रक्तदान करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हमारा दिया हुआ रक्त किसी न किसी की जिंदगी को बचाता है। उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट के बाद समय से इलाज एवं खून की अत्यंत आवश्यकता होती है, इसलिए पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को प्रशिक्षित क्या जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में रेड क्रॉस के द्वारा एक नया ब्लड बैंक बनाया जा रहा है जो जल्द ही जनता की सेवा में सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के रक्तदान शिविरों का आयोजन करने का उद्देश्य यही है कि किसी भी व्यक्ति की खून की कमी के कारण मृत्यु न हो पाए। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वालों का नाम, ब्लड ग्रुप का मोबाइल नंबर की सूची बनाकर एनआईसी की वेबसाइट पर डाल दिया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनसे संपर्क कर रक्तदान कराया जा सके।


















