जौनपुर : रोडवेज बस की चपेट में आने से अधिवक्ता की मौत
मछलीशहर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक अधिवक्ता गम्भीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां मौजूद चिकित्सक ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल जाते समय अधिवक्ता ने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बटनहित गांव निवासी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव (60) मछलीशहर तहसील में अधिवक्ता थे। बृहस्पतिवार को तहसील में काम निपटाकर करीब साढ़े सात बजे घर लौट रहे थे। खाखोपुर बाजार से पहले रामपुर मोड़ से घर की तरफ मुड़े तभी प्रयागराज की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। वे गिरकर घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रदीप के भाई अमित कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज। प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई की जाएगी।