जौनपुर : विवाहिता की संदिग्ध मौत पर चार के खिलाफ केस दर्ज
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालत में हुई मौत पर मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध हत्या समेत दहेज उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज किया।बीते रविवार की रात निजामपुर गांव निवासी विवाहिता रितु (25) की नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने सास और ननद पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर मृतका को प्रताड़ित किया जाता रहा था।

जानकारी के मुताबिक दीदारगंज थाना क्षेत्र के रसावां गांव निवासी जसविंदर राजभर ने चार साल पहले बेटी रितु (25) का विवाह कोतवाली क्षेत्र के निजमापुर गांव निवासी कालीचरण राजभर के बेटे विकेश राजभर से की थी। कालीचरण और विकेश मुंबई में रहकर ट्रक चलाते हैं। रितु अपनी सास कौशल्या और ढाई साल की बेटी के साथ ससुराल में रहती थी। पिता का आरोप है कि रितु को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। बताया कि सोमवार की सुबह दामाद ने मुंबई से फोन करके रितु की तबियत खराब होने और शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। जब तक वो अस्पताल पहुंचते रितु की मौत हो चुकी थी। रितु के पिता का आरोप है कि उसे सास और नन्द ने मिलकर मारा पीटा और फिर जहर दे दिया।

















