जौनपुर : शटल सेवा का रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णानगर में शुरू हुआ ठहराव, क्षेत्र में हर्ष
बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जनता की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई। सोमवार से शटल सेवा ट्रेन का ठहराव भी बदलापुर स्थित श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन पर शुरू हो गया। इसके लिए बसपा सांसद जौनपुर श्याम सिंह यादव और भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।शटल ट्रेन सुबह निर्धारित समय 7.20 बजे के बजाय 26 मिनट देर से स्टेशन पर 7.46 बजे पहुंची। हालांकि इसके पहले सांसद श्याम सिंह यादव और विधायक रमेश चंद्र मिश्र अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए थे।

शटल एक्सप्रेस ट्रेन के आने पर लोको पायलट वाईके यादव व सहायक लोको पायलट उमाकांत रावत का खुशी से लवरेज जनता ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। उत्साहित भाजपाइयों ने ढोल नगाड़े की थाप पर जय श्रीराम का नारा लगाते हुए प्लेटफार्म पर भाजपा का झंडा लहराते रहे। स्टेशन अधीक्षक मनोज यादव ने बताया कि वाराणसी से चलकर लखनऊ जाने वाली यह ट्रेन 7 बजकर 18 मिनट पर रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णनगर पर पहुंचेगी। एक मिनट तक रुकने के बाद यह ट्रेन 7:19 पर लखनऊ के लिए रवाना होगी। लखनऊ से वाराणसी जाने वाली शटल एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन श्री कृष्णनगर पर 8:36 पर आएगी और 8:37 पर वाराणसी के लिए पुन: रवाना होगी। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को पहले ही दिन रेलवे स्टेशन श्रीकृष्णा नगर से लखनऊ के लिए 130 टिकट की बिक्री हुई है। इससे रेल महकमा ने 11 हजार रुपये का राजस्व अर्जित किया।


















