जौनपुर : शारदा सहायक नहर कटी, तीन गांवों की सैकड़ों बीघा फसल डूबी
# रिहायशी बस्तियों तक पहुंचा पानी, आम जनजीवन प्रभावित
खुटहन। संतलाल सोनी तहलका 24×7 क्षेत्र शेख असरखपुर गाँव में गुरूवार की देर रात शारदा सहायक खंड 36 नहर का बंधा अचानक कट गया। तेज बहाव के साथ निकल रहे पानी से तीन गांवों की लगभग चार सौ बीघा फसल डूब गई। भोर होते होते पानी रिहायशी बस्तियों तक पहुंचने लगा। ग्रामीणो के तमाम प्रयास के बाद भी पानी रोका नहीं जा सका। गनीमत थी की पानी यहां से लगभग छह सौ मीटर आगे जाकर बिरवन के नाले में उतर गया। यह नाला घूमते हुए गोमती नदी से जुड़ा हुआ है। जिससे पानी नदी में जाने लगा। मौके पर पहुँची पुलिस ने नहर विभाग को सूचना देकर जलापूर्ति बंद कराया। तब जाकर किसानों ने राहत की सांस लिया।
उक्त गाँव के ईंट भट्ठा के पास रात लगभग ग्यारह बजे अचानक शारदा सहायक नहर कट गई। तेज बहाव के साथ पानी खेतो में उतरने लगा। आधी रात के बाद पानी जब राजभर और दलित बस्ती के पास पहुंच गया तो लोगों को इसकी जानकारी हुई। दर्जनो ग्रामीण फावड़ा लेकर नहर पर पहुंच गये। तब तक नहर का बंधा लगभग 15 फिट कट चुका था। तीव्र वेग से पानी का रेला बाहर खेतो की तरफ निकल रहा था। इसकी सूचना पुलिस और नहर विभाग को दी गई। पानी की आपूर्ति रोक दिए जाने के बाद भी नहर में भरा पानी दूसरे दिन भोर तक खेतो में उतरता रहा। जिससे उक्त गाँव सहित ताजूपुर, संजरपुर, जंजीर गंज गांवों की चार सौ बीघा से अधिक धान की फसले डूब गयीं।