जौनपुर : हत्या के खुलासे में वीआईपी ड्यूटी बन रही पुलिस के लिए बाधा
# एक सप्ताह पूर्व युवक की चाकू गोदकर की गई थी हत्या
खुटहन।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
क्षेत्र अंतर्गत सधनपुर गांव निवासी युवक की गत रविवार की भोर घर के बगल तालाब में चाकू गोदकर की गयी हत्या के मामले का खुलासा करने में सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस नाकाम रही है। हालांकि प्रभारी निरीक्षक अश्विनी दूबे का दावा है कि पुलिस के हाथ हत्यारों की गरेबान तक पहुंच चुके है। चुनाव के चलते लगातार चल रही वीआईपी ड्यूटी भी राजफाश करने में बाधक बना हुआ है। बावजूद इसके बहुत जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा कर दिया जायेगा। हत्या के पीछे क्या कारण था, हत्या कब, कहां और क्यों की गई। इस पर पुलिस कुछ भी बताने से इनकार कर रही है।

गांव निवासी 22 वर्षीय प्रवेश शर्मा पुत्र राममूरत का शव रविवार की भोर उसके घर से लगभग चार सौ मीटर दूर तालाब में औंधे मुंह पड़ा पाया गया था। उसके शरीर पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतारे जाने के कई निशान थे। पीएम रिपोर्ट में भी इसका खुलासा हो चुका है। उधर स्वजनो का कहना था कि वह नित्य की तरह शनिवार की शाम खाना खाकर बरामदे में खाट बिछाकर सो गया था। घटना में सबसे अहम था कि वह आखिर तालाब तक कैसे पहुंचा। तालाब के पास ही रिहायशी बस्ती है। यदि यहां चाकू से हमला कर उसे मारा गया होता तो वह शोरगुल अवश्य करता। आस पास के लोग किसी प्रकार की आहट से इनकार कर रहे है। पुलिस इसे आशनाई का चक्कर मानकर जांच में जुटी हुई है।
















