जौनपुर : हिन्दु युवा वाहिनी ने निकाली भव्य शोभा यात्रा
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
श्रीराम नवमी के अवसर पर नगर में हिन्दु युवा वाहिनी ने श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। ढोल नगाड़े व डीजे, आतिशबाजियां, वीर महापुरुषों की घुड़सवार मनमोहन झांकियां व श्रीराम का विशालकाय रथ आकर्षण का केन्द्र रहे।मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह, निवर्तमान सांसद डॉ कृष्ण प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्षा गीता जायसवाल और विशिष्ट अतिथि दिनेशकान्त यादव, प्रदीप जायसवाल रहे। कार्यक्रम अध्यक्ष अक्षत अग्रहरि और संयोजक भुवनेश्वर मोदनवाल रहे।

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्म दिवस रामनवमी के अवसर पर रविवार की शाम नगर में हिन्दु युवा वाहिनी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आगे मनोरम आतिशबाजियां, उसके पीछे लहराते भगवा ध्वजों के बीच स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भारत माता, वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई और क्षत्रपाति शिवाजी की घोड़े पर सवार मंत्रमुग्ध झांकियों ने नगर वासियों का मन मोह लिया। वहीं आजमगढ़ की आकर्षक संगम बैंड पार्टी और शिव डीजे की धुन पर नाचते झूमते मातृशक्तियों सहित सैकड़ों रामभक्तों का जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच श्रीराम के भव्य रथ ने शोभायात्रा को बेहद रमणीय रूप दिया। शोभायात्रा में अतिथियों विधायक रमेश सिंह, पूर्व सांसद केपी सिंह, पालिका अध्यक्ष गीता जायसवाल, दिनेशकांत यादव और प्रदीप जायसवाल की उपस्थिति से बेहद उत्साहित सैकड़ों रामभक्त भक्ति भाव से ओतप्रोत हो उठे।

शोभायात्रा नगर के घासमंडी चौक स्थित रामजानकी मन्दिर बौलिया से उठकर डाकखाना तिराहा, जेसीज चौक, योगीनाथ तिराहा, रोडवेज, श्रीरामपुर रोड, गल्ला मंडी, कोतवाली चौक होते हुए रामलीला भवन चौक, निरहुआ मस्जिद तिराहा होते हुए चूड़ी मोहल्ला के रास्ते पुनः रामजानकी मंदिर बौलिया घासमंडी चौक पहुंच समापन हुआ। इस दौरान नगर में कई स्थानों पर मर्यादा पुरूषोत्तम की आरती की गई, जिसमें मुख्य रूप से रामलीला भवन पर रामलीला समिति के अध्यक्ष रामनारायन अग्रहरि, उपाध्यक्ष कमलेश सेना, गिरधारी अग्रहरि सहित समिति के पदाधिकारियों ने श्रीराम की भव्य आरती की। तो वहीं रामलीला अध्यक्ष ने हिन्दु युवा वाहिनी के कार्यक्रम अध्यक्ष अक्षत अग्रहरि का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान भारी संख्या में वहां उपस्थित रामभक्त प्रभु का जयकारा करते नहीं थके। भव्य मनोरम शोभायात्रा के दौरान बेहद उत्साहित रामभक्तों के गगनचुंबी जयकारे से समूचा नगर भक्ति रस में आल्हादित हो उठा।


















