जौनपुर : ग़मगीन माहौल में शिराज-ए-हिन्द का ऐतिहासिक चेहल्लुम सम्पन्न
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
शिराज-ए हिन्द का एतिहासिक चेहल्लुम शनिवार हो गमगीन माहौल में शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इमाम बारगाह शेख मुहम्मद इस्लाम से उठा जुलूस देर रात सदर इमाम बारगाह पहुँचा जहाँ या हुसैन अलविदा की सदा के साथ नम आँखों से सभी ताजिये एवं तुर्बत सुपुर्दे खाक किये गये।

कार्यक्रम का आरम्भ शुक्रवार को 8 बजे रात में इमाम चौक पर ताजिया रखने से हुआ। तत्पश्चात शब्बेदारी के आयोजनार्थ एक मजलिस हुई। जिसकी समाप्ति पर जौनपुर नगर एवं बाहर से आयी अंजुमनों ने नौहा व मातम अनवरत रूप से रातभर किया गया। प्रात: 5 बजे एक मजलिस हुई, जिसके बाद आग में दहकती जंजीरों का मातम अंजुमन गुलशने इस्लाम रजिस्टर्ड ने किया। इस कार्यक्रम का संचालन सैय्यद अकबर हुसैन जैदी एडवोकेट ने किया।

दूसरे दिन शनिवार को कार्यक्रम का आरम्भ 1 बजे दिन मजलिस से हुआ, जिसको मौलाना सैय्यद नदीम जैदी फैजाबादी ने सम्बोधित किया। मजलिस की समाप्ति पर इमामबाड़े से एक ऐतिहासिक तुर्बत निकाली गयी जो ताजिये के साथ एक जुलूस के रूप में अपने निर्धारित रास्तों पानदरीबा रोड, हमाम दरवाजा, काजी की गली, पुरानी बाजार होते हुए सदर इमामबाड़ा जौनपुर पर समाप्त हुआ। इस कार्यक्रम का संचालन सैयफ कबीर जैदी ने किया। इस ऐतिहासिक चेहल्लुम को पूरे देश में मनाये जाने वाले चेहल्लुम से एक दिन पूर्व मनाया जाता है। इसके इतिहास को देखते हुए देश के विभिन्न हिस्सो से हजारो की तादाद में जायरीन शिरकत के लिए पहुँचते हैं।


















