जौनपुर : 13 विभागों ने बजट का 39 करोड़ 96 लाख से अधिक किया खर्च…
जौनपुर।
विश्व प्रकाश
तहलका 24×7
चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को सभी विभागों में आपाधापी देखी गई। अधिकारी-कर्मचारी बजट के लिए कोषागार में देखे गए। वे अपने विभाग को शासन से मिले बजट को खपाने में लगे रहे। लगभग 39 करोड़ 96 लाख आठ हजार रुपये से अधिक का बजट आहरण किया गया है। यह बजट कुल 13 विभागों की ओर से किया गया। बजट ड्रा करने के लिए कोषागार में विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों की भारी भीड़ लगी रही।

चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में विकास कार्यों और योजनाओं को परवान चढ़ाने के लिए शासन से विभागवार बजट स्वीकृत किया गया था। इसे विभागों की ओर से इस वित्तीय वर्ष में खर्च किया गया। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को बजट आहरण करने के लिए भारी भीड़ लगी रही। विभाग के लोग जल्द से जल्द अपना बजट निकाल लेना चाह रहे थे। सुबह 10 बजे कोषागार खुलते ही बजट ड्रा कराने के लिए भारी भीड़ लग गई थी। जो बजट ड्रा करने के अंतिम समय रात नौ बजे तक जारी रहा। इस दौरान कोषागार में 13 विभागों ने अपना कुल 39 करोड़ 96 लाख आठ हजार रुपये से अधिक का बजट ड्रा किया। इसके पहले शासन के निर्देश पर 25 मार्च को भी विभागों ने अपना बजट आहरण करने के बाद खर्च कर दिया।

# सबसे अधिक पीडब्ल्यूडी ने किया बजट खर्च
चालू वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को बजट ड्रा करने के आंकड़े को देखा जाए तो सबसे अधिक पीडब्ल्यूडी ने ड्रा किया है। इस दौरान पीडब्ल्यूडी ने 22 करोड़ रुपये, पुलिस विभाग ने 4.63 करोड़ रुपये, बेसिक शिक्षा ने तीन करोड़, माध्यमिक शिक्षा ने 41.18 लाख रुपये, सिंचाई विभाग ने 56.77 लाख रुपये, स्वास्थ्य विभाग ने एक करोड़ 95 लाख 50 हजार रुपये, कृषि विभाग ने 21 लाख, जिला निर्वाचन कार्यालय ने 3.77 करोड़, राजस्व विभाग ने 41.57 लाख रुपये, जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र ने 12.93 लाख रुपये, लघु सिंचाई विभाग ने 20 लाख रुपये, समाज कल्याण ने 1.51 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक ने 34.13 लाख रुपये बजट आहरण किया।



















