ट्रांसफर में कमीशनखोरी का आरोप,सहायक निदेशक समेत दो निलंबित
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत व्यावसायिक शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई।प्रशिक्षण निदेशालय में ट्रांसफर के नाम पर कथित भ्रष्टाचार व रिश्वतखोरी के आरोपों में सहायक निदेशक धीरेन्द्र झा और प्रधान सहायक इमरान अहमद को निलंबित कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार,व्यावसायिक शिक्षा,कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

आरोप है कि तबादला सत्र के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थानांतरण कराने के नाम पर कर्मचारियों से मोटी रकम वसूली।शिकायतों में 10 प्रतिशत कमीशन लेने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप भी लगाए गए हैं।निलंबन के बाद सहायक निदेशक धीरेन्द्र झा को देवीपाटन मंडल से संबद्ध किया गया है।वहीं प्रधान सहायक इमरान अहमद पर कर्मचारियों के उत्पीड़न, धार्मिक भेदभाव और संगठित तरीके से कार्य करने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।

उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह द्वारा की गई।विभागीय सूत्रों के अनुसार, इमरान अहमद पर यह आरोप भी है कि वह विभिन्न नामों से विभाग में शिकायतें कराकर बाद में उनके निस्तारण के नाम पर संबंधित कर्मचारियों से धन उगाही करता था।मामले की शिकायतें सामने आने के बाद विभाग ने जांच कर कार्रवाई की है।सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रुप में देखा जा रहा है।विभागीय स्तर पर मामले की आगे की जांच जारी है।
















