जिला कारागार का डीएम ने किया औचक निरीक्षण,बैरकों की तलाशी में नहीं मिली आपत्तिजनक वस्तु
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान बैरकों की सघन तलाशी ली गई,लेकिन कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।जिलाधिकारी ने कारागार में निरुद्ध बंदियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने जेल अस्पताल का निरीक्षण किया तथा भर्ती बंदियों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की पाकशाला का भी निरीक्षण किया और बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की।समग्र निरीक्षण में किसी प्रकार की गंभीर अनियमितता सामने नहीं आई।

डीएम ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाए रखने तथा शासन के मानकों के अनुरुप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया,सीएमओ डॉ. प्रभात कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
















