ट्रांसफार्मर खराब,एक सप्ताह से बिजली गुल,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बड़ागांव में 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब एक सप्ताह से सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप है।भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली न मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।गांव निवासी सूर्यलाल अग्रहरि ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर जल गया था।

शनिवार को विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन चालू करते ही उसका आउटपुट करंट बंद हो जा रहा था,जिससे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।समस्या की जानकारी मिलने पर अवर अभियंता संतोष यादव ने सहायक लाइनमैनों से विद्युत लाइन एवं सप्लाई तारों की जांच कराई।इसके बाद ट्रांसफार्मर की जांच में भी तकनीकी खराबी सामने आई।अवर अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त है और इसे चालू करना उचित नहीं होगा,अन्यथा इसके पूरी तरह जलने की आशंका है।

ग्रामीणों के अनुसार अवर अभियंता ने दोबारा रिपोर्ट भेजकर वर्कशॉप से दूसरा ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया,लेकिन वर्कशॉप के अभियंता ने यह कहते हुए दूसरा ट्रांसफार्मर देने से इनकार कर दिया कि लगाया गया ट्रांसफार्मर पूरी तरह सही है।इसके बाद अवर अभियंता भी मौके से लौट गए।गांव निवासी संतोष सोनी ने बताया कि विभागीय असमंजस का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

एक ओर नया ट्रांसफार्मर नहीं मिल रहा है,वहीं दूसरी ओर मौजूदा ट्रांसफार्मर को चालू करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण अब तक लगभग आधा दर्जन लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं।भक्ति पोखरा के पास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।ग्रामीणों ने शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
















