सावन में बाबा के दर्शन के लिए नई व्यवस्था, गर्भगृह में 5 मिनट से अधिक रुकने पर 1000 जुर्माना
वाराणसी।
तहलका 24×7
सावन माह में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गोदौलिया स्थित बड़ा देव बाबा मंदिर समिति ने दर्शन-पूजन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गर्भगृह में दर्शन और पूजन के दौरान 5 मिनट से अधिक समय न बिताएं,ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुगमता और समयबद्ध तरीके से बाबा के दर्शन का अवसर मिल सके।

समिति के अनुसार,यदि कोई श्रद्धालु बिना किसी उचित कारण के निर्धारित समय से अधिक देर तक गर्भगृह में रुकता है और इससे दर्शन व्यवस्था बाधित होती है,तो मंदिर के नियमों के तहत 1000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन,सहयोग और मंदिर की व्यवस्था का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सावन के पावन माह में सभी भक्त नियमों का सम्मान करें,ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु रहे और किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


















