तहसील पहुंचे जिला जज का वकीलों ने किया स्वागत
पिण्डरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
तहसील बार एसोसिएशन प्राथमिक के सभागार में शुक्रवार को जिला जज संजीव पाण्डेय का बार के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।अपने स्वागत भाषण के दौरान जिला जज ने कहा कि वादकारियों को न्याय दिलाने में वकीलों की अहम भूमिका होती है। पिण्डरा बार एसोसिएशन द्वारा न्यायिक अधिकारियों को सदैव सम्मान, सहयोग प्रदान किया गया जाता रहा है।

इस दौरान जिला जज ने अधिवक्ताओं द्वारा दिये गए पांच सूत्रीय मांगों के निस्तारण करने का आश्वासन दिया। जिसमें मुख्य रूप से ग्राम न्यायालय पिण्डरा की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए ग्राम न्यायालय के बिल्डिंग का निर्माण कराये जाने, ग्राम न्यायालय में प्रस्तुत नकल जो जिला न्यायालय वाराणसी से जारी होती है उसे ग्राम न्यायालय पिण्डरा से उपलब्ध कराये जाने के साथ अधिवक्ताओं को बैठने के लिए कुर्सी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने, लोक अदालत में लगे मुकदमों में तहसील बार एसोसिएशन का वकालतनामा लगवाये जाने की बातें मुख्य रूप से रही।

इस दौरान सिविल जज जूनियर डिविजन सत्यम सिंघल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल, महामंत्री सुधीर सिंह, शिवपूजन सिंह, कमला मिश्र, अशोक पाण्डेय, सुबाष दूबे, अश्वनी सिंह, जवाहर लाल वर्मा, पनधारी यादव, श्रीनाथ गोंड़, अवनीश पाण्डेय, प्रितराज माथुर, आशुतोष, श्यामसुन्दर आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।


















