तीन दिन में दुरुस्त करें स्कूल बसों के दस्तावेज,वरना होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए।बैठक में शासन द्वारा विकसित स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर दर्ज वाहनों की समीक्षा की गई।समीक्षा में पाया गया कि जनपद के 113 स्कूल वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है,जबकि 244 वाहन बिना वैध अथवा समाप्त परमिट के संचालित हो रहे हैं।

इस पर जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि तीन दिनों के भीतर सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस,परमिट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन करा लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी अनियमितता मिलने पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने कहा कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।सभी बसें पीले रंग की हों तथा उन पर स्पष्ट रुप से “विद्यालय बस”और विद्यालय का नाम अंकित हो। इसके अलावा प्रत्येक वाहन में स्पीड गवर्नर/स्पीड लिमिट डिवाइस,फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रुप से उपलब्ध होना चाहिए।जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह ने भी विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे या अमान्य हैं,उन्हें तीन दिन के भीतर दुरुस्त करा लिया जाए।

अन्यथा विद्यालय की मान्यता से संबंधित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर उसकी कार्यवृत्ति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.समीर,यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार,संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक कुमार यादव,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका धर्मराज राम,यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

















