थाने पर मिनी बैंक संचालकों के साथ हुई बैठक, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
# खुटहन के पनौली में हुई घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
खुटहन थाना क्षेत्र के पनौली गांव में घटित आपराधिक घटना को गंभीरता से लेते हुए खेतासराय पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में खेतासराय थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र के सभी मिनी बैंक संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिनी बैंक संचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सतर्कता एवं आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

थाना प्रभारी ने कहा कि हाल के दिनों में मिनी बैंक संचालकों को निशाना बनाकर लूट, ठगी एवं धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए संचालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि आम जनता व सेवा प्रदाताओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के दौरान पुलिस द्वारा मिनी बैंक संचालकों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इनमें प्रमुख रुप से बैंक परिसर के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रुप से लगवाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुकान में सुरक्षा के दृष्टिकोण से जाली लगवाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कहा कि मुंह बांधकर या संदिग्ध अवस्था में किसी व्यक्ति को दुकान में प्रवेश न करने दिया जाए।
थाना प्रभारी ने संचालकों को सलाह दी कि अधिक नकदी एकत्र न रखें, नकदी लेकर कभी भी अकेले न चलें, बल्कि साथ में कम से कम दो लोगों को अवश्य रखें।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन एक ही रास्ते से आवाजाही न करें, बल्कि रास्ता बदल-बदलकर यात्रा करें, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके। लेन-देन के समय ग्राहकों की पहचान सुनिश्चित करने, अनजान व्यक्तियों से अनावश्यक बातचीत से बचने तथा शाम के समय या कम भीड़ वाले समय में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का खतरा महसूस होने या किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस की सहायता ली जाए।

बैठक के दौरान कई मिनी बैंक संचालकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी पुलिस के समक्ष रखे। थाना प्रभारी ने सभी को आश्वस्त किया कि पुलिस द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

















