सड़क हादसे में ऑडियोलॉजिस्ट की मौत
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जनपद के मूल निवासी एवं उन्नाव जिला अस्पताल में तैनात ऑडियोलॉजिस्ट सुरेश कुमार पाल (40) की लखनऊ में सड़क हादसे में मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार,सुरेश कुमार पाल लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में परिवार के साथ रहते थे और उन्नाव जिला अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत थे।

शनिवार सुबह वह वृंदावन कॉलोनी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से स्कूटी से घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में सड़क पर पड़े पत्थर से उनकी स्कूटी टकरा गई,जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया।हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया,जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम उनका शव पैतृक गांव शिवापार,मुस्तफाबाद पहुंचा।शव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।देर रात रामघाट श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।मृतक अपने पीछे पत्नी श्वेता पाल,बेटी सैली और बड़े भाई अखिलेश पाल समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















