दूसरे दिन भी खाते से पैसा निकालने आई नकाबपोश महिला धराई
# पीड़ित खातेदार की पड़ोसन निकली ठग महिला
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
बिशुनपुर बाजार स्थित यूबीआई की शाखा में दूसरे के खाते से बीस हजार निकालने के दूसरे दिन फिर नकाब पहन कर पैसा निकालने पहुंची महिला की पहचान होते ही बैंक कर्मचारियों ने गार्ड को बुला कर उसे बैठा लिया। सूचना पर बैंक पहुंची वास्तविक खातेदार ने उसकी शिनाख्त अपनी पड़ोसन के रुप में की। पूर्व में खाते से निकाला पैसा वापस कर दोनों आपस में सुलह कर बगैर पुलिस को सूचित किए बैंक से वापस घर लौट गईं।

सरायख्वाजा थाना व गांव निवासी प्रकाश सरोज की पत्नी चंद्रकला का उक्त शाखा में खाता संचालित है। सोमवार को नकाब पहनकर बैंक पहुंची एक महिला ने खुद को चंद्रकला बताकर पहले नया पासबुक प्रिंट कराया। उसके बाद निकासी पत्र भरकर खाते से बीस हजार निकाल चंपत हो गई। उधर खाते से पैसा निकलने का मैसेज मोबाइल पर आते ही खातेदार चंद्रकला अपने पति के साथ बैंक पहुंच छानबीन करने लगी।

सीसीटीवी फुटेज में भी नकाब वाली महिला की पहचान नहीं हो सकी। पीड़िता थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर वापस घर लौट गई।मामले में नया मोड़ तब आया जब वही नकाबपोश महिला दूसरे दिन फिर से पैसा निकालने बैंक पहुंच गई। पिछले दिन की घटना से बैंक कर्मचारी सावधान थे। उसनेचंद्र कला के नाम से बीस हजार की निकासी फार्म कैशियर को दिया तो उसे शक होने लगा।

उससे मोबाइल नंबर व अन्य जानकारियां पूछी गई तो सही नहीं बता पाई। उसे बैंक में बिठाकर वास्तविक खातेदार चंद्रकला को बुलवाया गया। उसने नकाबपोश महिला की पहचान करने के बाद बताया कि पड़ोस में ही रहती है। उसने खाते से निकाले गए बीस हजार चंद्रकला को वापस कर आपसी समझौते के बाद बगैर पुलिस को सूचित किए घर लौट गयी।
















