नदी में नहा रहे किशोर की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जहां होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था वहीं एक दुखद घटना सामने आई। नगर कोतवाली क्षेत्र के तूतिपुर मोहल्ला के हर्ष सोनी (14) की नदी में डूबने से मौत हो गई। खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।हर्ष होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ हनुमान घाट पर नहाने गया था।

नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके साथ मौजूद तीन दोस्त उस वक्त वीडियो बना रहे थे। दोस्तों ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसपर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक हर्ष पानी में डूब चुका था।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम पहुंची।

सीओ सिटी आयुष श्रीवास्तव भी मौके पर आए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने विसर्जन घाट के पास से हर्ष का शव बरामद किया। आनन फानन में हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हर्ष की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


















