नियमों को ताक पर रख आधे दिन गायब रहे गुरुजी
# अब वेतन अवरुद्ध करने के साथ बीईओ व प्रधानाध्यापक से मांगा गया है स्पष्टीकरण
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
बेसिक शिक्षा के अधीन संचालित विद्यालयों में कार्यरत गुरुजनों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर आधे दिन की छुट्टी लेकर गायब होना मानव संपदा पोर्टल खंगालने पर मंहगा पड़ गया। मजे की बात है कि जिम्मेदारान भी उक्त अवकाश की स्वीकृति देने में नियमों की अनदेखी कर गए। जिसका खामियाजा उन्हें भी गुरुजनों के साथ ही भुगतने की स्थिति आ गई है।
विभाग गायब होने वाले गुरुजनों का वेतन अवरूद्ध करने के साथ ही बीईओ से मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने का निर्देश देते हुए पत्र जारी किया है।

जिसकी जानकारी होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा गया। सत्र 2024-25 में गुरुजनों द्वारा कार्य दिवस में आधे दिन आकस्मिक अवकाश लिए जाने को लेकर है। जहां बगैर नियम के क्षेत्र के तमाम विद्यालयों के गुरुजन आधे दिन का आकस्मिक अवकाश स्वीकृत कराकर कार्य दिवस में स्कूल से गायब रहे। जिनमें बुमकहा, सवायन, पिपरौल, वाल्मीकपुर समेत अन्य विद्यालय शिखर पर पाए गए।गौरतलब हो कि उक्त विद्यालयों में कार्यरत गुरुजनों को विषम परिस्थितियों में आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाता है।

समस्त प्रकार के अवकाश आनलाइन देने की व्यवस्था है। इधर गुरुजनों द्वारा नियमों को ताक पर रख कर आधे दिन का आकस्मिक अवकाश लिया गया, जबकि शासन द्वारा इस संबंध में किसी भी तरह का कोई प्रावधान नहीं बनाया गया है। मजे की बात है कि संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत बीईओ द्वारा उसे स्वीकृति भी कर दिया गया। मानव संपदा पोर्टल खंगालने पर जब मामला संज्ञान में आया तो सभी के कान खड़े हो गए। अब पत्र जारी कर ऐसे अध्यापकों का वेतन अवरूद्ध करते हुए बीईओ व प्रधानाध्यापक से मामले में सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।जिसकी जानकारी होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है।

















