लखनऊ समेत कई जिलों में दिन में छाया अंधेरा,आंधी और बारिश, गर्मी से मिली राहत
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली।दोपहर के समय आसमान में काले बादल छा गए और कई जगहों पर दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल हो गया।तेज धूलभरी आंधी के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत दी।सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर में अचानक मौसम बदला।कई जिलों में तेज हवाएं चलीं,जिससे धूल का गुबार उठ गया।

इसके बाद हल्की बारिश शुरु हो गई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।उन्होंने कहा कि इसके असर से अगले करीब दस दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 58 जिलों में गरज-चमक, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।वहीं 32 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।उधर,बांदा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।ऐसे में बुधवार को बदला मौसम लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर आया।















