नीट-यूजी 2026: गुरैनी की लवीजा और मानीकलां की अज़कह ने बढ़ाया जौनपुर का मान
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 में खेतासराय क्षेत्र की दो होनहार बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। गुरैनी गांव की लवीजा सिद्दीकी ने 720 में 559 अंक प्राप्त किए,जबकि मानीकलां गांव की अज़कह इकबाल खान ने 617 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 5582 प्राप्त की।दोनों की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

गुरैनी निवासी मुहम्मद साकिब सिद्दीकी की पुत्री लवीजा सिद्दीकी ने कठिन परिश्रम,अनुशासित अध्ययन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।वहीं मानीकलां निवासी मोहम्मद इकबाल खान एवं शबनम खातून की पुत्री अज़कह इकबाल खान ने 617 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 5582 हासिल की।

परिणाम घोषित होते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।परिजनों,रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।दोनों छात्राओं के परिजनों ने इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत,शिक्षकों के मार्गदर्शन,परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा को दिया।उनका कहना है कि दोनों शुरु से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं और मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं।

नीट-यूजी में दोनों बेटियों की उपलब्धि पर शिक्षकों, ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।लोगों ने कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं,विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास देगी।


















