शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप,विवाह के बाद 50 लाख दहेज मांगने का मुकदमा दर्ज
वाराणसी।
तहलका 24×7
मुंबई की एक फाइनेंस कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत लक्सा थाना क्षेत्र निवासी युवती की तहरीर पर भेलूपुर थाने में उसके सहकर्मी समेत चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म,गर्भपात कराने,दहेज प्रताड़ना और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पीड़िता का आरोप है कि कमच्छा स्थित बिंद भवन निवासी वरुण लालवानी से वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से परिचय हुआ।

दोनों मुंबई की एक ही फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे।आरोप है कि वरुण ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।गर्भवती होने पर दवा देकर गर्भपात कराया और बाद में कोर्ट मैरिज कर ली।युवती का यह भी आरोप है कि विवाह पंजीकरण के बाद वरुण के भाई सनूल लालवानी ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।तहरीर के अनुसार,14 जुलाई को वरुण उसे वाराणसी लाया और घर छोड़ते समय कहा कि उसने केवल कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विवाह का पंजीकरण कराया था तथा अब वह उसके साथ नहीं रहेगा।

अगले दिन 15 जुलाई को युवती अपने माता-पिता और मौसी के साथ वरुण के घर पहुंची।वहां वरुण,उसके पिता मोतीलाल लालवानी और भाई सनूल लालवानी ने कथित रुप से 50 लाख रुपये दहेज की मांग की और मांग पूरी न होने पर उसे अपनाने से इनकार करते हुए घर से भगा दिया।पीड़िता की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















